काजु़ओ इशिगुरो को साहित्य नोबेल पुरस्कार 2017: द रॉयल स्वीडिश अकादमी द्वारा ‘द रिमेन्स ऑफ द डे’ (The Remains of the Day) उपन्यास के लिये मशहूर ब्रिटिश लेखक काजु़ओ इशिगुरो (Kazuo Ishiguro) को वर्ष 2017 के साहित्य के नोबेल पुरस्कार से सम्मानित किया जाएगा। उल्लेखनीय है कि इशिगुरो के इस उपन्यास पर एक हॉलीवुड फिल्म भी बन चुकी है। एंथनी हॉपकिंस एवं एम्मा थॉम्पसन द्वारा अभिनित इस फिल्म को ऑस्कर के लिये नामांकित किया गया था। यह उपन्यास एक बटलर के जीवन पर आधारित है। जापान के नागासाकी में जन्में इशिगुरो पाँच साल की उम्र से अपने परिवार के साथ ब्रिटेन में रह रहे हैं। वयस्क होने पर उन्होनें जापान की यात्रा की।
वर्ष 1982 में प्रकाशित उनका पहला उपन्यास ‘अ पेल व्यू ऑफ द हिल्स’ (A Pale View of the Hills) और वर्ष 1986 में प्रकाशित दूसरा उपन्यास ‘एन आर्टिस्ट ऑफ द फ्लोटिंग वर्ल्ड’ (An Artist of the Floating World) दोनों ही द्वितीय विश्वयुद्ध के कुछ सालों के बाद के नागासाकी शहर पर आधारित उपन्यास हैं। अकादमी के अनुसार, इशिगुरो ब्रिटिश उपन्यासकार जेन ऑस्टिन और जर्मन भाषा के लघु कथाकार फ्रैंज़ काफ्का का मिश्रित रूप हैं। इशिगुरो में इन दोनों लेखकों की सृजनात्मक क्षमता एवं समझ का साझा चित्रण देखने को मिलता है। अकादमी द्वारा जारी एक बयान में कहा गया है कि इशिगुरो की रचनाओं में अभिव्यक्ति का एक संयमित रूप नज़र आता है, जो अपने आस-पास की घटनाक्रमों से अप्रभावित होता है। ध्यातव्य है कि वर्ष 1901 से वर्ष 2017 के बीच अभी तक कुल 110 नोबेल पुरस्कार प्रदान किये जा चुके हैं।
साहित्य नोबेल पुरस्कार 2017 काजु़ओ इशिगुरो को
Filed in: Year 2017, अक्टूबर 2017, प्रसिद्ध व्यक्ति, फ़ोटो से जाने, विश्व, विश्व-सार, सम-सामयिकी, समाचार, सामान्य ज्ञान, सामान्य ज्ञान लेख